दिल्ली की प्रियंका कोठारी जब रामगोपाल वर्मा की 'सरकार' से फिल्मों में आई थी तो उन्होंने अपना फिल्मी नाम निशा कोठारी कर लिया था। बॉलीवुड में लोगों ने निशा को काफी तवाो भी दी। लेकिन बाद में विशेषकर रामू की शोले जब बाक्स आफिस पर धराशायी हो गई तो उन्होंने फिर से अपना नाम प्रियंका रख लिया। हाल ही निशा यानी प्रियंका रामगोपाल वर्मा द्वारा बनाई जा रही फिल्म 'अज्ञात' की शूटिंग करके श्रीलंका से लौटी हैं। इस फिल्म को लेकर वे बहुत उत्साहित भी हैं। उनका कहना है कि अपने काम में विश्वास करती हूं, फिल्मों की संख्या पर नहीं। पेश है प्रिंयंका कोठारी से उनके घर पर हुई बातचीत के मुख्य अंश कॅरियर कैसा चल रहा है? बहुत ही अच्छा चल रहा है। मैंने जब से इस क्षेत्र में कदम रखा है तब से घर पर खाली नहीं बैठी हूं। अपने कॅरियर से मैं पूरी तरह संतुष्ट हूं। अभी मैं तेलगू के हीरो नितिन के साथ फिल्म 'अज्ञात' की शूटिंग करके श्रीलंका से वापस आई हूं। इसी फिल्म के पैचअप वर्क के दौरान कोचिन के जंगल में मेरे पैर में मोच आ गई तो घर पर आराम कर रही हूं। 'अज्ञात' में किस तरह का किरदार है? इसमें मेरा रोल एक फिल्म एक्ट्रेस का है। जो एक जंगल में अपनी नई फिल्म की शूटिंग के लिए पूरे यूनिट के साथ जाती है। वहां पर कुछ अप्रत्याशित घटनाएं घटती हैं, इसी पर फिल्म केंद्रित है। इस फिल्म के बारे में ज्यादा नहीं बता सकती। वैसे यह फिल्म मेरे कॅरियर के लिए बहुत अहम् होगी। शूटिंग का अनुभव कैसा रहा? हमने श्रीलंका के सबसे भयावह जंगल में ज्यादा समय गुजारा। वहां हर दिन रोमांच से भरा हुआ था। यहां तक कि मेरे होटल के कमरे में भी ढेर सारी छिपकलियां होती थीं और मैं चादर से मुंह ढंककर सोती थी। जंगल में जहरीले सांपों की भरमार थी। मुझे तो ऐसा लग रहा था जैसे किसी ने 'जू' में लाकर रख दिया हो। कुछ दिनों तक एकदम रफटफ जिंदगी रही। 'सरकार' में भी आपने एक्ट्रेस का ही किरदार निभाया था? इस तरह के रोल से मुझे खुशी मिलती है। वैसे मैं हर तरह का रोल करना चाहती हूं। हां एक्ट्रेस के रोल में ज्यादा दिक्कत नहीं होती, क्योंकि इससे हम अच्छी तरह वाकिफ होते हैं। वैसे अज्ञात के बाद तीन चार फिल्मों के ऑफर आए हैं लेकिन मैंने अभी इनके बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है। आप इन दिनों योगा कर रही हैं? मैं बचपन से ही फिटनेस कांशेस रही हूं। दिल्ली में डैड सुबह उठा देते थे योगा के लिए। आज भी दिल्ली जाती हूं तो डैड वही करते हैं। योगा से जो सबसे ज्यादा फायदा होता है वह यह कि आपका शरीर लचीला हो जाता है। आप मन में अपने आपको तरोताजा महसूस करते हैं और जब मन को संतुष्टि मिलती है तो आपके मन में अच्छे विचार आते हैं। लेकिन मैं शौकिया तौर पर योगा या जीरो बाडी नहीं बनाना चाहती न ही उसकी पक्षधर हूं।
जिंदगी की सबसे बड़ी कामयाबी आप किसे मानती हैं? जिंदगी का कोई पता नहीं होता कि कल क्या होगा लेकिन जिंदगी है तो उसे सही ढंग से आगे बढ़ाया जाए। तब हर कदम पर कामयाबी है। अभी तो अच्छी तरह सांस ले रही हूं। लेकिन मैं अपनी इंद्रियों पर नियंत्रण करने को सबसे बड़ी कामयाबी मानती हूं। सबसे बड़ी कामयाबी? मन से हार जाने को मैं सबसे बड़ी नाकामयाबी मानती हूं। साथ ही अपने बारे में अपने काम के बारे में निगेटिव सोच नहीं लाना चाहिए। आपने अभी तक लोकसभा चुनाव में प्रचार भी किया, आगे क्या राजनीति में आने का इरादा है? रांची में बाबूलाल मरांडी के लिए और नोएडा में बसपा के सुरेंद्र के लिए चुनाव प्रचार किया। लेकिन राजनीति में आने का फिलहाल इरादा नहीं है। फिल्मों में राजनीतिज्ञ का किरदार जरूर निभाना चाहूंगी। ठीक वैसा ही किरदार जैसा फिल्म आंधी में सुचित्रा सेन ने निभाया था। शादी के बारे में कोई योजना? हिन्दुस्तानी हूं इसलिए विवाह में पूरा यकीन रखती हूं। पर फिलहाल शादी का इरादा नहीं है। अभी बहुत काम करना है कि अभी तो कॅरियर की शुरूआत हुई है।