जम्मू। भारत-पाकिस्तान सीमा पर जम्मू के नजदीक सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की एक चौकी पर शुक्रवार सुबह सीमा पार से दोबारा गोलीबारी हुई। गुरुवार शाम को हुई ऐसी ही गोलीबारी में बीएसएफ के दो जवान घायल हो गए थे। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से निकोवाल सीमा चौकी पर शुक्रवार सुबह फिर गोलीबारी की गई। अधिकारी ने बताया, ''गोलीबारी गुरुवार शाम को शुरू हुई बीएसएफके दो जवान घायल हो गए। भारतीय जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। रात भर की खामोशी के बाद शुक्रवार सुबह फिर से सीमा पार से गोलीबारी की गई जिसके जवाब में हमने भी गोलीबारी की। उन्होंने कहा कि बीएसएफ यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि सीमा पार से गोलीबारी घुसपैठ के प्रयास में लगे आतंकवादी कर रहे हैं या पाकिस्तानी रेंजर। नाम न छापने के अनुरोध पर अधिकारी ने बताया कि शुरूआती आकलन गोलीबारी के पीछे घुसपैठ की फिराक में लगे आतंकवादियों का हाथ होने की ओर इशारा कर रहा है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ ने सीमा पर लगी त्रि-स्तरीय कंटीली बाड़ का निरीक्षण किया है। हमें अभी तक तार काटे जाने का कोई निशान नहीं मिला है। जिससे घुसपैठ की कोशिश कामयाब होने की आशंका कम हो जाती है। जब हमें गोलीबारी पूरी तरह से रुक जाने का अहसास होगा तो हम बाड़ का नजदीक से निरीक्षण करेंगे। अगर गोलीबारी पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा की जा रही है, तो यह युद्ध विराम के उल्लंघन का एक और मामला होगा। जम्मू के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी का निशाना बनी चौकी के आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और शहर की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर नाके बनाए गए हैं। उन्होंने कहा, ''हम आतंकवादियों की घुसपैठ की आशंका से पूरी तरह इंकार नहीं कर रहे हैं। ऐसी रपटें हैं कि आतंकवादी घुसपैठ में तेजी लाते हुए त्यौहारों के दौरान हमले कर सकते हैं। गुरुवार शाम से ही बीएसफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी निकोवाल इलाके में डेरा डाले हैं।
|